“उत्तर मुंबई में केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने 68 परिवारों को सौंपे नए घर की चाबी , जनता दरबार में 300 से अधिक समस्याओं का समाधान”

मुंबई : उत्तर मुंबई के मालाड (पश्चिम) स्थित शंकर लेन इलाके में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के चलते विस्थापित हुए 68 गरीब परिवारों को आज नया जीवन मिला। केंद्रीय मंत्री और उत्तर मुंबई के सांसद पियूष गोयल के हाथों इन 68 पात्र परिवारों को पुनर्वसन योजना के अंतर्गत नविन पुनर्वास घरों की चाबियाँ सौंपी गईं। यह वितरण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के परिमंडळ 4 की उपायुक्त भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

पुनर्वास प्राप्त करने वाले सभी 68 परिवार आर्थिक रूप से कमजोर तबके से आते हैं और वर्षों से किराए पर अथवा अस्थायी झोपड़पट्टियों में रह रहे थे। सड़क चौड़ीकरण की योजना के चलते उनकी झोपड़ियाँ हटाई गई थीं, लेकिन सरकार ने उनका विस्थापन न होकर, उन्हें स्थायी और सम्मानजनक निवास उपलब्ध कराया है।

कार्यक्रम में बोलते हुए पियूष गोयल ने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ विकास करना नहीं है, बल्कि विकास में किसी भी गरीब का हक न छिने, यह सुनिश्चित करना है। आज इन 68 परिवारों को जो घर दिए गए हैं, वो सिर्फ चार दीवारी नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक हैं।”इस अवसर पर पी-उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त कुंदन दळवी, भाजपा उत्तर मुंबई अध्यक्ष दीपक (बाला) तावडे, स्थानीय नगरसेवक, माजी अध्यक्ष गणेश खणकर, और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल कांदिवली पश्चिम स्थित लोक कल्याण कार्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने जनता दरबार लगाया। यहाँ 300 से अधिक नागरिकों ने व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएँ रखीं जिनमें पुनर्विकास की अटकी हुई परियोजनाएँ, सांस्कृतिक गटों के लिए अभ्यास स्थळ, जल-विद्युत आपूर्ति, वन विभाग और बीएमसी से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। मंत्री गोयल ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित निर्देश दिए। कार्यक्रम देर शाम तक चला, जिसमें जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *