बोरिवली : डेटिंग ऐप के ज़रिए युवाओं को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। यह गैंग Tinder, Bumble, OkCupid और MeetMe जैसे ऐप पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से संपर्क करता था और फिर उन्हें होटल में मिलने बुलाकर ठगी करता था।
ताजा मामले में एक युवक को Tinder पर फर्जी प्रोफाइल के ज़रिए बोरीवली के Times Square होटल में बुलाया गया। मुलाकात के दौरान उसे महंगे ड्रिंक के बहाने QR कोड स्कैन कराकर 14,700 रुपये का ऑनलाइन पेमेंट करवा लिया गया।
MHB पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर नवी मुंबई के होटल में छापा मारा और दिल्ली, गाज़ियाबाद व यूपी से आए 15 पुरुष और 6 महिलाओं को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों से 3.74 लाख रुपए मूल्य के 27 मोबाइल, एक पोर्टेबल प्रिंटर, और एक स्वाइप मशीन जब्त की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई इलाकों में सैकड़ों लोगों को इसी तरीके से ठगा है।
गिरोह होटल मैनेजर की मिलीभगत से नकली बिल बनवाता था और शिकार बने युवकों से मोटी रकम ऐंठ लेता था।
