Udaipur Files Movie: ‘उदयपुर फाइल्स’ होगी रिलीज… सुप्रीम कोर्ट का फिल्म पर रोक से इनकार

Udaipur Files Movie: बॉलीवुड फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को लेकर फिल्ममेकर्स को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म पर रोक लगाने से साफ मना कर दिया. सुप्रीम कोर्ट ने ‘उदयपुर फाइल्स’ के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार कर दिया. चर्चित कन्हैयालाल मर्डर केस के आरोपी मोहम्मद जावेद ने यह याचिका दाखिल की थी.

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में जब मामले की सुनवाई हुई तो ‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि फिल्म शुक्रवार को रिलीज होने वाली है. उससे ट्रायल प्रभावित हो सकता है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने साफ कह दिया कि फिल्म रिलीज होने दीजिए और संबंधित कोर्ट के सामने अपनी बातें रखिए.

कहां-कहां याचिकाएं?

इतना ही नहीं, जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात के हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं, जिसमें फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र को रद्द करने की मांग की गई है.

क्यों है उदयपुर फाइल्स पर विवाद?

फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ 2022 के कन्हैयालाल हत्याकांड पर बेस्ड है. इसके ट्रेलर में नूपुर शर्मा का विवादित बयान, ज्ञानवापी विवाद और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाने वाले विजुअल्स शामिल हैं. जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बताकर दिल्ली, मुंबई और गुजरात हाईकोर्ट में रिलीज रोकने की याचिका दायर की है. संगठनों का आरोप है कि फिल्म नफरत फैलाती है, जबकि निर्माता इसे सच्चाई दिखाने का दावा करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *