मुंबई : मुंबई के मालवणी इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक इलाके में हथियार लेकर घूम रहा है और उसे बेचने की फिराक में है। तुरंत कार्रवाई करते हुए मालवणी पुलिस की निगरानी टीम ने आरोपी को धरदबोचा। उसके पास से देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

घटना 11 जुलाई 2025 की है। मालवणी पुलिस स्टेशन की निगरानी टीम और पीएसआई डॉ. दीपक हिंडे अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि देसाई मैदान के पास एक शख्स फुटपाथ पर संदिग्ध स्थिति में हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खबरी ने दूर से इशारा करके संदिग्ध की पहचान कराई। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, आरोपी भागने लगा। लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से उसे पकड़ लिया।
TO WATCH FULL VIDEO CLICK BELOW
आरोपी की मौके पर ही पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक सिल्वर और काले रंग का भारतीय बनावटी पिस्टल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹74,000 है, और चार जिंदा कारतूस, जिनकी कीमत ₹4,000 बताई गई है, बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह हथियार गोवा से लेकर आया था और मालवणी इलाके में बेचने वाला था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ इस्माईल शहा, उम्र 35 वर्ष, निवासी तालुका खेड, जिला रत्नागिरी के रूप में हुई है। मालवणी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ IPC की धारा 3 और 25 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(A), 135 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस कस्टडी में है और जांच जारी है।

टीम और अधिकारियों का योगदान: इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन रहा – शशिकुमार मीना (अपर पुलिस आयुक्त, उत्तर विभाग), संदीप जाधव (पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-11), नीता पाडवी (सहायक पुलिस आयुक्त, मालवणी विभाग), शैलेंद्र नगरकर (वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, मालवणी पुलिस स्टेशन), पुलिस निरीक्षक जीवन भातुकले (गुन्हे शाखा, मालवणी), तपासी अधिकारी पीएसआई डॉ. दीपक हिंडे और उनकी टीम – अनिल पाटील, जगदीश घोसाळकर, सुशांत पाटील, सचिन वळतकर, मूददसिर देसाई, समित सोरटे, कालीदास खुडे ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े अवैध हथियार गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इस तरह की सख्त कार्रवाई से मालवणी जैसे संवेदनशील इलाकों में अपराधियों के मन में पुलिस का डर कायम होता है।
