नई दिल्ली। त्रिपुरा से एक शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 14 महीने की बच्ची के साथ एक दरिंदे ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी।बच्ची अपनी मां के साथ अपने मामा के घर आई थी, जहां ये घटना घटी है।

उत्तर त्रिपुरा के पानीसागर से यह शर्मनाक घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि आरोपी एक दिहाड़ी मजदूर है और उसे रविवार को असम के नीलमबाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
बच्ची को घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी
इस घटना की जांच में शामिल पानीसागर थाने के इंचार्ज ऑफिसर सुमंता भट्टाचार्जी ने बताया कि आरोपी ने बच्ची की मां से बच्ची को घुमाने के बहाने ले गया था। इसके बाद करीब तीन घंटे तक बच्ची को वापस नहीं पहुंचाने पर बच्ची के माता-पिता को चिंता होने लगी।

धान के खेत में गड़ा मिला शव
फिर जैसे ही बच्ची के बारे में खबर फैली तो गांव के सैकड़ों लोगों के साथ मिलकर बच्ची के माता-पिता बच्ची की तलाश में जुट गए। इसके बाद घंटों की मशक्कत और खोजबीन के बाद बच्ची का शव धान के खेत में गड़ा मिला। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर घर वालों को सौंप दिया।
