मुंबई, 19 जुलाई 2025, संवाददाता रवींद्र नायक : कांदिवली (पूर्व) स्थित सीआईआई कौशल विकास केंद्र में शनिवार को एक अत्याधुनिक साइबर सुरक्षा कौशल केंद्र का उद्घाटन भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया । यह केंद्र बीएमसी, एनएसडीसी तथा सीआईआई के संयुक्त सहयोग से तैयार किया गया है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केंद्र क्रिंडल्यर फाउंडेशन तथा डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (DSCI) के सहयोग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उच्च स्तरीय रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
पीयूष गोयल ने कहा कि आज से केंद्र में विशेष रूप से लड़कियों के लिए प्रशिक्षण सत्रों की शुरुआत की गई है। साथ ही, इस अवसर पर एक मेगा जॉब फेयर का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश की बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि और सीईओ उपस्थित थे। इस जॉब फेयर में 2400 नौकरियों के अवसर रखे गए थे, हालांकि अभी तक केवल 350 युवाओं ने आवेदन किया है।
उन्होंने कहा, “इस देश में बेरोजगारी नहीं है, अवसरों की कमी नहीं है। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कौशल विकास योजना लागू हुई है, युवाओं के लिए रोजगार के असीमित अवसर खुले हैं।”

कार्यक्रम में उपस्थित क्रिंडल्यर की ऊना पुलिजी, भारत क्रिंडल्यर के अध्यक्ष लिंगराज सावकर और सहयोगी विनायक गोखले को 2 करोड़ रुपये का निवेश कर विश्व स्तरीय केंद्र स्थापित करने के लिए मंत्री गोयल ने विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तर मुंबई में जल्द ही तीन और कौशल विकास केंद्र शुरू किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस केंद्र की स्थापना को केवल 9 महीने हुए हैं और इस अल्प अवधि में ही 17,000 से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया जा चुका है — वह भी निःशुल्क सेवा के माध्यम से।
श्री गोयल ने अपने संबोधन के अंत में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर हाथ को काम’ के मूल मंत्र को साकार करने हेतु वर्ष 2015 में शुरू की गई कौशल विकास योजना के अंतर्गत अब तक 1 करोड़ 63 लाख से अधिक युवाओं और महिलाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।”
नीला कनुभाई राठोड सोनी
प्रचार प्रमुख, उत्तर मुंबई भाजपा
